निर्वाण कल्याणक पर प्रत्येक श्रावक निर्वाण प्राप्ति का लक्ष्य बनाए – प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी म.सा.
रतलाम, 09 नवंबर (प्रकाश मूणत)
भगवान का निर्वाण कल्याणक केवल स्मरण और आराधना का अवसर नहीं, बल्कि अपने जीवन को आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। प्रत्येक श्रावक को जीवन में निर्वाण प्राप्ति का लक्ष्य बनाना चाहिए। भगवान महावीर द्वारा बताए गए मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे, तो एक दिन यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
उक्त प्रेरणादायी संदेश मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य रत्नपुरी के रत्न, धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाश मुनिजी म.सा. ने दिया। मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में आयोजित धर्मसभा में प्रवर्तकश्री ने कहा कि संसार में कोई भी आत्मा ऐसी नहीं है, जिसे कभी यश या अपयश प्राप्त नहीं हुआ हो। यह सब नाम कर्म के उदय का परिणाम है। जब अपयश नामक कर्म का उदय होता है, तो व्यक्ति को अपयश मिलता है और जब यश नामक कर्म का उदय होता है, तो यश मिलकर रहता है। इसलिए व्यक्ति को यश-अपयश की चिंता किए बिना अपने सिद्धांतों पर दृढ़ रहकर सत्कर्म करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मन, वचन और काया से अच्छे कर्म करने के बाद भी यदि अपयश मिलता है, तो उसे कर्मों का उदय समझकर समभाव से स्वीकार करना चाहिए। संघ और समाज के कार्यों में भी कई बार व्यक्ति को अपयश का सामना करना पड़ता है, लेकिन इससे विचलित होने के बजाय अपने कर्तव्य और सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहना चाहिए।
प्रवर्तकश्री ने कहा कि भगवान ने कभी यश और अपयश की चिंता नहीं की। वे सदैव सत्य और सन्मार्ग पर चलते रहे तथा उन्होंने संसार को श्रेष्ठ जीवन जीने की कला सिखाई। परमात्मा की वाणी जीव के भीतर कर्मों के भय को समाप्त करने वाली है। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में कर्मक्षय का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए कषाय रूपी कीचड़, राग और द्वेष से स्वयं को बचाना आवश्यक है। जो व्यक्ति राग-द्वेष से दूर रहकर सावधानीपूर्वक साधना करता है, वह अपने कर्मों का क्षय कर आत्मा को कर्म बंधनों से मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान का निर्वाण काल हमें अपने विचारों को शुद्ध करने की विशेष प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक आत्मचिंतन करते हुए विचारों की निर्मलता का प्रयास करना चाहिए। केवल आचार में शुद्धता होना पर्याप्त नहीं है, विचारों में भी शुद्धता आना आवश्यक है। जब तक विचार निर्मल नहीं होंगे, तब तक वास्तविक कर्म निर्जरा संभव नहीं है। परमात्मा की वाणी विचारों को शुद्ध करने का सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए भगवान की देशना को जीवन में आत्मसात कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
धर्मसभा के प्रारंभ में सेवाभावी श्री दर्शन मुनिजी म.सा. ने पुच्छिसुणम के जाप करवाए। इस दौरान तपस्वियों ने प्रवर्तकश्री के समक्ष विभिन्न तपस्याओं के प्रत्याख्यान भी ग्रहण किए। धर्मसभा का संचालन श्री प्रकाश मूणत ने किया।
इस अवसर पर प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. मंचासीन रहीं।
धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।
10 नवंबर को गौतम रास एवं मांगलिक: श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में 10 नवंबर को प्रातः 6:45 बजे गौतम रास होगा। इसके पश्चात प्रातः 8:45 बजे मांगलिक का आयोजन किया जाएगा। चातुर्मास आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रावक-श्राविकाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
संकलनकर्ता:- अरुण त्रिपाठी
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla




0 टिप्पणियाँ